किसानों की आजीविका और देश की ऊर्जा सुरक्षा पर गंभीर खतरा, सरकार संसद और जनता से समझौते का विवरण छिपा रही है” - कांग्रेस नेता भगवंत सिंह भंभा
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व चेयरमैन भगवंत सिंह भंभा ने अमेरिका–भारत व्यापार समझौते को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि इस समझौते का पूरा विवरण संसद और जनता से छिपाया जा रहा है, जबकि अमेरिकी प्रशासन और व्यापार प्रतिनिधि इसे सार्वजनिक रूप से साझा कर चुके हैं। भंभा ने आरोप लगाया कि यह समझौता भारत के किसानों, उद्योगों और ऊर्जा सुरक्षा के लिए घातक साबित होगा। उनके अनुसार अमेरिकी कृषि उत्पादों पर शून्य टैरिफ लगाने से भारतीय किसानों की आजीविका खतरे में पड़ जाएगी और रूस से कच्चा तेल आयात रोकने का निर्णय भारत की ऊर्जा सुरक्षा को कमजोर करेगा, जिससे देश पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका को लाभ पहुँचाने वाले इस समझौते से भारत की संप्रभुता और संसद की गरिमा को ठेस पहुँची है। भंभा ने प्रधानमंत्री और वाणिज्य मंत्री से सवाल किया कि आखिर क्यों समझौते के बिंदु संसद और जनता के सामने नहीं रखे जा रहे। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी किसानों, मजदूरों और आम जनता की आवाज उठाती रहेगी और सरकार को संसद में आकर यह बताना होगा कि किन शर्तों पर यह समझौता किया गया है तथा इसका देश पर क्या असर पड़ेगा।

Comments
Post a Comment