पंचकुला में भाजपा सांसद रेखा शर्मा द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजनलाल और उनके पुत्र चंद्रमोहन पर “बदमाशी” से चुनाव जीतने का आरोप लगाने के बाद प्रदेशभर में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली। इस बयान को लेकर कांग्रेस नेताओं, बिश्नोई समाज और आमजन ने कड़ा विरोध जताया।
निसिंग में आयोजित बैठक में पूर्व चेयरमैन भगवंत सिंह भांबा ने कहा कि “भजनलाल जी जैसा शरीफ, निडर, साहसी और सबको साथ लेकर चलने वाला, किसी पर भी नाजायज़ बात न सहन करने वाला मुख्यमंत्री ना तो आज तक कोई हुआ है और ना ही हो सकता है।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि ऐसे “उल-जुलूल बयान” देने वालों को सार्वजनिक रूप से माफी माँगनी चाहिए।
भांबा ने यह भी स्पष्ट किया कि चंद्रमोहन जी कई दफ़ा विधायक बने हैं। यदि किसी ने कभी बदमाशी से चुनाव जीता भी हो, तो वह केवल एक बार जीत सकता है, बार-बार नहीं। जनता का विश्वास और समर्थन ही उनकी लगातार जीत का कारण रहा है।
बैठक में मौजूद विजेंद्र शर्मा, परमिंदर भांबा, बबलू, निशान चीमा, लखा बब्बर सहित अन्य साथियों ने भी इस बयान पर भारी रोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि चौधरी भजनलाल और उनके पुत्र चंद्रमोहन ने 36 बिरादरी के लिए जितना काम किया है, उतना काम आज तक कोई नहीं कर पाया। काम करने के लिए नीयत चाहिए, जो आजकल के “हवाबाज़ नेताओं” में नहीं है।

Comments
Post a Comment